*विजय संकल्प शंखनाद रैली में उमङी भीङ से कांग्रेसी गद-गद, हरीश रावत ने कहा-2022 से शुरू हो जाएगा कांग्रेस की जीत का क्रम*

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। कांग्रेस ने आज पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व निवर्तमान विधायक संजीव आर्य के स्वागत के नाम पर शक्ति प्रदर्शन किया। इस विजय शंखनाद रैली में उमङी भीङ ने कांग्रेस को नई ताकत दी। भीङ से उत्साहित पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने 2022 के विधानसभा चुनाव को उत्तराखंड व देश की राजनीति में नया इतिहास लिखने वाला बताया। कहा जिस तरह 2002 में नवोदित उत्तराखंड राज्य में परचम लहराने के साथ कांग्रेस राज्य-दर-राज्य जीतती चली गई और 2004 में केंद्र में यूपीए के नेतृत्व वाली सरकार बनी। दो दशक बाद इतिहास खुद को दोहराने जा रहा है। प्रदेश की जनता 2024 में राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
हरीश रावत पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य व उनके बेटे संजीव आर्य के कांग्रेस में वापसी के स्वागत में गुरुवार को हल्द्वानी रामलीला मैदान में आयोजित विजय संकल्प शंखनाद रैली को संबोधित कर रहे थे। हरदा ने कहा गरीबों की सरकार कहकर सत्ता में आई भाजपा ने केवल जुमले दिए। प्रदेश के लोगों के पास गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड हैं लेकिन इलाज नहीं मिल रहा। गोल्डन कार्ड के नाम पर कर्मचारियों, पेंशनरों से वसूली की जा रही। कांग्रेस के सत्ता में आते ही गोल्डन कार्ड को बंद कर, कटौती की धनराशि खातों में रिफंड कराई जाएगी। कांग्रेस सरकार की जनहित की योजनाओं को फिर से लागू कराएंगे।
हरीश रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में उन्होंने 32 हजार लोगों को सरकारी नौकरी दी। भाजपा ने बेरोजगारी देने का काम किया है। हरदा ने कहा कि भाजपा सरकार अपने पांच वर्ष के कार्यकाल में सरकारी नौकरी पाने वाले 3200 लोगों का नाम बात दें, हरीश रावत राजनीति छोड़ देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने के पहले वर्ष में ही सभी रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हम राज्य को रोजगार मूलक उदाहरण बनाएंगे। हरदा ने कहा, अपने तीन वर्ष के कार्यकाल में राज्य की औसत आय को हमने 73 हजार सालाना से 1.75 लाख में बदला। इस बार सरकार बनने पर पांच वर्ष में इसे 3.50 लाख पर लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा इसे करने में केवल कांग्रेस ही सक्षम है। कांग्रेस के पास मत है, कार्यनीति है।
पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि एनडी तिवारी के नेतृत्व वाली पहली निर्वाचित सरकार ने राज्य के विकास को नया आयाम दिया। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करना दूर किसानों की लागत चार गुना बढ़ा दी है। यहां कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने संबोधित किया।
कांग्रेस की विजय संकल्प शंखनाद जनसभा गुरुवार को हल्द्वानी रामलीला मैदान में शुरू हो गयी है। कार्यक्रम में शामिल होने हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक कुमाऊंभर से पहुंचे हैं। अब तक पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी, विधायक काजी निजामुद्दीन, करन माहरा, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक संजीव आर्य, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य, जरीता लैतफलांग, महानगर अध्यक्ष राहुल छिमवाल, जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, हरीश दुर्गापाल, एआईसीसी सदस्य सुमित हृदयेश, हुकम सिंह कुंवर, दीपक बल्यूटिया, शिल्पी अरोड़ा, मयंक भट्ट, महेश शर्मा, डॉ. केदार पलड़िया, गोविंद बगडवाल, सेवादल के राजेंद्र दुर्गापाल, विजय सिजवाली, शोभा बिष्ट, प्रयाग भट्ट, शशि वर्मा, राजेंद्र सिंह नेगी, इंदरपाल आर्या, सतनाम सिंह, संध्या डालाकोटी जनसभा में पहुंच चुके हैं।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad