*पिथौरागढ़ में कांग्रेस की किसान सम्मान रैली में उमङी भीङ: हरीश रावत ने कहा कांग्रेस सरकार ने मडुवा, काफल तक को दिल्ली में पहचान दिलाई*

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आज पाटीॅ के दिग्गज नेताओं को लेकर पिथौरागढ़ पहुंचे। पिथौरागढ़ में जबरदस्त भीङ से गदगद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब स्पष्ट है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार को अब कोई नहीं रोक सकता।
कांग्रेस ने किसान सम्मान रैली के बहाने जुटी भीङ को संबोधित कर डीडीहाट और पिथौरागढ़ विधानसभा के मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया। कांग्रेसी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। डबल इंजन की सरकार ने देश की जनता को डरा दिया है। लोग अपनी बात कहने से डर रहे हैं।
मूनाकोट ब्लाक के झौलखेत मैदान में कांग्रेस किसान सम्मान रैली हुई। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मैं किसान का बेटा हूं। मगर किसान मेरी मां थी जो हल भी जुतवाती थी और खेत बोढ़कर काम भी कराती थी। पूर्व सीएम ने कहा काफल को उन्होंने ‌दिल्ली के बाजारों तक पहुंचाया। मडुवा, बाजराको दाम दिलाया है। उन्होंने कहा पिथौरागढ़ जिले में कांग्रेस काल में पूर्व विधायक मयूख महर ने कई काम कराए। पिथौरागढ़ में सबसे अधिक सड़कें बनी। पिथौरागढ़ में कांग्रेस शासन काल के कामों को भाजपा आगे नहीं बढ़ा पाई।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम स‌िंह ने कहा कि पिथौरागढ़ की सरजमीं ने ऐसे लाल को जना है जो दर्द को भी समझता है और मर्म को भी समझता है। विधायक के रूप में मयूख महर ने जो काम पिथौरागढ़ में किए वो शायद ही कहीं हुए हों। पूर्व विधायक ने सर्वोच्च ध्यान यहां के विकास को दिया। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा केंद्र सरकार ने पांच साल पहले किसानों का कर्ज माफ करने, महंगाई कम करने, रोजगार देने की बात कही थी। मगर वो वादे सरकार ने पूरे नहीं किए। उल्टा महंगाई को बढ़ा दिया। केंद्र सरकार देश बेचने का काम कर रही है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की लहर है। भाजपा के नेता कहते हैं कि दिल्ली से दून, दून से दिल्ली दो घंटे में जा सकते हैं। मगर हल्द्वानी से पिथौरागढ़ सड़क मार्ग की क्या दशा है। उन्होंने कहा भाजपा कह रही है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री लगातार कह रहे हैं हमें रोजगार देने का काम किया है। पहाड़ का युवा पलायन करने के लिए मजबूर है। सीएम कहते हैं कि ये मेरी बसासत हैं। अगर उन्होंने काम किया तो श्वेत पत्र जारी कर बताएं क्या किया। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत रावत ने कहा पूर्व विधायक मयूख महर ने कांग्रेस की सरकार रहते हुए पिथौरागढ़ विधानसभा विकास के लिए कार्य किए। अपने विधानसभा के विकास कार्यों को करवाने के ल‌िए वे खुद ही सरकार के खिलाफ बैठ गए। ऐसे नेता बेहद कम होते हैं। पूर्व विधायक मयूख महर ने कहा तीन काले कृषि कानून के खिलाफ बैठे किसानों ने आजादी के संघर्षों को जीवंत कर दिया। किसानों ने आजादी की लड़ाई में बलिदान देने वाले उन लोगों की लड़ाई को जीवंत किया है। किसानों ने गांधी के अंहिसा और सत्य के मार्ग पर चलकर केंद्र सरकार को काले कानून वापस लेने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने देश को नई दिशा दिखाई। वर्तमान सरकार को किसान आंदोलन ने आइना दिखाया है। कार्यक्रम में कार्यकारी अध्यक्ष जीत राम, मनीष खंडूड़ी, भुवन पांडेय, ऋषेंद्र महर ने संबोधन किया। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ‌त्रिलोक महर, मनोज ओझा, महेंद्र लुंठी, प्रदीप पाल, जगत स‌िंह खाती, राजेंद्र भट्ट, दिनेश बिष्ट, भूरे मियां, प्रदीप पाल, खजान गुड्डू, रमेश कापड़ी, खीमराज जोशी, अंजू लुंठी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत समेत कई कांग्रेसी शामिल रहे।

Ad
Ad