सिम कार्ड एक्टिवेट के नाम पर ठग लिए 18 लाख, पुलिस ने कोलकाता जाकर कर दी संपत्ती की कुर्की

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। मोबाइल सिम कार्ड दस्तावेज अपग्रेड कराने के नाम पर 18 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले दो अभियुक्तों की अचल सम्पत्ति की पिथौरागढ़ पुलिस ने पश्चिमी बंगाल के कोलकाता जाकर कुर्की कर दी।
पुलिस के मुताबिक 28 अप्रैल 2021 को शिकायतकर्ता गिरीश चन्द्र जोशी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियुक्त रवि शर्मा के विरुद्ध वादी से मोबाइल सिम दस्तावेज अपग्रेड कराने के नाम पर 18 लाख 11 हजार रूपये की धोखाधड़ी करने के सम्बन्ध में थाना जाजरदेवल में धारा 420 भादवि व 66 D IT ACT के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। अभियोग की विवेचना प्रभारी निरीक्षक बेरीनाग प्रभात कुमार द्वारा की जा रही है। विवेचना में यह तथ्य प्रकाश में आया कि वादी द्वारा अनिकेत मंडल नाम के व्यक्ति के नम्बरों पर पेटीएम के जरिये यह धनराशि दी गयी है। इस मोबाइल नम्बर के माध्यम से तीन अन्य मोबाइल नम्बर जो इस अभियोग से सम्बन्धित थे प्रकाश में आये थे। पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़, लोकेश्वर सिंह के आदेशानुसार, उपनिरीक्षक हेम चन्द्र तिवारी, प्रभारी एसओजी व कर्मचारियों द्वारा साइबर सैल की मदद से गहन जांच करते हुए 17 मार्च 2022 को दो अभियुक्तगण क्रमशः अनिकेत मंडल पुत्र गोपाल मंडल निवासी कोलकता एवं नितीश कुमार झा पुत्र अनिल झा निवासी वकुल बागान कोलकता (प0 बंगाल) को धारा- 41(क) सीआरपीसी का नोटिस दिया गया था। 26 अगस्त 2022 को अभियुक्त गणों की गिरफ्तारी हेतु न्यायालय द्वारा गैर जमानतीय वारण्ट जारी किया गया। दोनों अभियुक्त अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे हैं, जिस पर न्यायालय द्वारा अभियुक्तों की सम्पत्ति कुर्क किये जाने हेतु धारा- 83 सीआरपीसी का नोटिस जारी किया गया। नोटिस के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक बेरीनाग प्रभात कुमार एवं कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, एसओजी द्वारा दोनों अभियुक्तों के घर जाकर उनकी अचल सम्पत्ति की कुर्की की कार्यवाई की गई। इस काम में साइबर टीम के उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय प्रभारी साइबर सैल मय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Ad
Ad