देहरादून। देहरादून के राजपुर क्षेत्र में एक एनआरआई महिला के बंगले पर कब्जे के आरोप में पुलिस ने सहारनपुर के बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी शेरखान गिरोह का सदस्य है। इस गिरोह के सोनू मूंछ समेत चार सदस्यों को पुलिस ने पहले गिरफ्तार किया था।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि किशनपुर निवासी सुमन देवी ने शिकायत की थी कि उनकी सहेली रितु मेहता विदेश में रहती हैं। उनका किशनपुर में बंगला है, जिसकी देखभाल सुमन देवी करती थीं। इसी बीच पता चला कि शेरखान नाम के एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस बंगले के फर्जी दस्तावेज बना लिए हैं। इस पर वह कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने अपनी टीम के साथ इस मामले में राजस्व विभाग और बैंकों में भी जांच की। वहां से मिले दस्तावेज के आधार पर शेरखान के सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए। पुलिस ने पिछले दिनों विकास सुंदरियाल उर्फ सोनू मूंछ, विनोद कुमार उर्फ केडी, महेश चौहान और प्रमोद गिरी को गिरफ्तार किया था।
इसी क्रम में जांच आगे बढ़ी तो शुक्रवार को सहारनपुर के नूर बस्ती इलाके के रहने वाले मोहम्म्द अकबर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अकबर ने पुलिस को बताया कि शेरखान ने जमीनों पर कब्जा करने के लिए एक गिरोह बनाया हुआ है। इसमें 10-12 लोग शामिल हैं। गिरोह शहर में खाली जमीन व मकान जिस पर किसी का कब्जा नहीं रहता है उनकी रैकी करता है।
इसके बाद इस संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार किए जाते हैं। पहले भी इस गिरोह ने सहारनपुर और देहरादून में कुछ कब्जे किए थे। एसएसपी ने बताया कि गिरोह के सरगना शेरखान की तलाश की जा रही है।I