अब भाजपा सांसद-विधायकों के कामों की समीक्षा करेंगे नड्डा, दो दिन तक उत्तराखंड में विधान सभा चुनाव पर होगी चर्चा

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के अब छह महीने बचे हैं। भाजपा ने फिर से सत्ता पाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा उत्तराखंड में पार्टी के लिए विधानसभा चुनाव-2022 के लिए चुनावी माहौल तैयार करेंगे। वह दो दिन उत्तराखंडमें रहेंगे। इस दौरान सरकार और संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे। साथ ही उनका मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शुक्रवार सुबह दिल्ली से जौलीग्रांट एअरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष भी रहेंगे। पार्टी की तरफ से जौलीग्रांट, भानियावाला, छिद्दरवाला, लालतप्पड़, नेपाली फार्म, रायवाला और हरिपुर में उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा।
भाजपा प्रांतीय नेतृत्व ने इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चो के प्रांतीय अध्यक्ष व महामंत्रियों की बैठक लेंगे। इसी दिन वे कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे और उनसे विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी लेंगे। इसके बाद पार्टी की विभिन्न समितियों व टोली बैठक में मौजूद रहेंगे।
दो दिन तक उत्तराखंड में रहने वाले नड्डा दूसरे दिन रायवाला में सैनिकों से संवाद व सम्मान कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पार्टी से प्रदेशभर से इसमें पूर्व सैनिक आमंत्रित किए हैं। इसके बाद निकायो के मेयर, अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुखों से बैठक साझा करेंगे। अंतिम सत्र में वे साधु-संतों का अभिनंदन व आर्शीवाद कार्यक्रम में रहेंगे। इसमें एक सौ से ज्यादा संत बुलाएं गए हैं। उनका यह पूरा दौरा आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर ही रहेगा, जिसमें वे बूथ से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों में नया उत्साह भरने की कोशिश करेंगे।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा राज्य के सभी भाजपा सांसदों व विधायकों की बैठक लेंगे। उनकी अब तक की परफोरमेंस का भी फीडबैक लेंगे। दिसंबर, 20 में नड्डा ने उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान सांसदों व विधायकों को टास्क दिए थे। इसमें वे कितना खरा उतर पाएं हैं, इसकी भी समीक्षा की जाएगी।
श्री नड्डा की मौजूदगी में 21 अगस्त को कोर कमेटी की बैठक बुलाई गई है। इसमें विपक्षी दलों के मुद्दों की काट के लिए रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। इसमें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रोडमैप तैयार होगा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाएं और उपलब्धियों का भी जिक्र किया जाएगा।

Ad
Ad