गिरधारीलाल साहू के नोटिस पर बोले गणेश गोदियाल: पहाड का बेटा हूं, ऐसी धमकियों से नहीं डरता

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में आजकल रेखा आर्य अपनी टिप्पणी के चलते चर्चा में है। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत के खिलाफ सोशल साइट्स में कई गई टिप्पणी के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को पांच करोड का नोटिस फिर चर्चा में है। इसका जवाब भी श्री गोदियाल ने दिया है। कहा है कि वह पहाड़ का बेटा है। ऐसी धमकियों से नहीं डरता।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति की तरफ से पांच करोड़ का नोटिस मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने अपने बयान के जरिए रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू पर फिर हमला बोला। गोदियाल ने कहा है, मैंने कुछ गलत नहीं कहा, मैं पहाड़ का बेटा हूं और गिरधारी लाल साहू की धमकियों से डरने वाला नहीं हूं।
एक न्यूज चैनल से बातचीत में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उन्होंने मंत्री के पति को लेकर कुछ गलत नहीं कहा है। अगर नोटिस भेजकर वह अपनी खाल बचा सकते हैं, तो यही सही। मैंने तो उन्हें अदालत जाने की सलाह दी थी। क्योंकि, गिरधारी लाल साहू के लिए अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। ऐसे में उन्हें अदालत में पेश होना ही होगा।
गणेश गोदियाल ने कहा कि आरोपी और अपराधी में फर्क होता है। राजनीतिक जीवन में कोई किसी पर भी आरोप लग सकता है। वो आरोपी है, अपराधी नहीं तो न्यायालय की शरण लें। न्यायालय सबके लिए हैं। मुझे नोटिस से कोई फर्क नहीं पड़ता। चाहे कोई 5 करोड़ का नोटिस भेजे या 10 करोड़ का। गोदियाल यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि अगर हम किसी पर आरोप लगाते हैं तो अपना गिरेबान जरूर झांक लेना चाहिए। मेरे लिए भी न्यायालय के द्वार खुले हैं। ऐसे में मैं गिरधारी लाल साहू की धमकियों से डरने वाला नहीं हूं।

Ad
Ad