देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री यशपाल आर्य के काग्रेस में शामिल होने के बाद प्रथम बार उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान दर्जनों लोगों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली।
स्वागत समारोह में कांग्रेस के सभी बङे नेता मौजूद थे। उन्होंने न केवल यशपाल आर्य का स्वागत किया बल्कि उन्हें उत्तराखंड का एक जनाधार वाला जनप्रतिनिधि बताया। पूर्व सीएम व कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि यशपाल आर्य के साथ ही बङी संख्या में कार्यकर्ता कांग्रेस से जुङ रहे है। कहा कि यशपाल आर्य ने हमेशा विकास की सोच के साथ काम किया। उन्होंने राज्य में विकास को नई दिशा दी। उनके कांग्रेस में आने से पार्टी को मजबूती मिली है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष म गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस को फिर से सत्ता में वापस लाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। भाजपा सरकार के कुशासन, महंगाई के मुद्दों को लेकर घर-घर पहुंचना होगा। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा की यह समय सत्ता से भाजपा को बाहर करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें। इस स्वागत समारोह कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के पिथौरागढ के पूर्व जिलाध्यक्ष व पूर्व दर्जा मंत्री महेन्द्र सिंह लुंठी, राजेन्द्र भट्ट, बिमला सजवाण, सुनील भण्डारी, विपिन उप्रेती, मुन्ना पाण्डे, सहजाद अंसारी, राहुल सोनकर, इन्जीनियर इन्द्र लाल आर्य, रिषभ जैन आदि ने भी अपने सैकडों साथियों के साथ कांग्रेस पार्टी की रीति नीतियों तथा श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि महेन्द्र सिंह लुंठी एवं उनके साथियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश की एकमात्र पार्टी है जिसने हर वर्ग व हर धर्म का सम्मान किया है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज राज्य को कांग्रेस की जरूरत है। विकास के कामों को तेज करना है। किसानों को उनका अधिकार दिलाना है। बेरोजगारी चरम पर है। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद इन समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। कहा कि निकट भविष्य में पार्टी में शामिल होने वालों की लंबी लिस्ट है।






