हल्द्वानी। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शुक्रवार की रात भीमताल के ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ नेता डॉ. हरीश बिष्ट के गेठिया स्थित घर पहुंच गए। निवर्तमान विधायक संजीव आर्य के साथ पहुंचे श्री रावत व डा बिष्ट के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। परिवार के लोगों ने हरीश रावत का गुलदस्ते से स्वागत किया। दोनों नेताओं की चाय पर चर्चा के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि डॉ. हरीश बिष्ट जल्द ही जल्द भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
हरीश रावत चार दिन से जिले में ही डेरा डाले हुए हैं। शुक्रवार की देर शाम वह विधायक संजीव आर्य समेत कई कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ हरीश बिष्ट के आवास पर पहुंच गए। चाय पर चर्चा के बहाने कई मुद्दों पर चर्चा हुई। डॉ. बिष्ट ने भीमताल ब्लॉक क्षेत्र में कराए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। हरीश बिष्ट और उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य गीता बिष्ट लंबे समय से भीमताल ब्लाक की राजनीति में सक्रिय है। माना जाता है कि दो दशक से अधिक समय से हरीश बिष्ट के इशारे पर ही ब्लाक प्रमुख के पद पर चुनाव होता है। 10 साल तक डा हरीश बिष्ट की पत्नी गीता बिष्ट भी भीमताल की ब्लाक प्रमुख, ह चुकी हैं।
डॉ. हरीश बिष्ट पूर्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं। यशपाल आर्य और संजीव आर्य के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के कुछ समय बाद बिष्ट दंपति भी भाजपा में शामिल हो गए थे। बिष्ट छात्र राजनीति से ग्राम पंचायत, जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत की राजनीति में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा के भाजपा में शामिल होने के बाद कई भाजपाइयों की टिकट की आस टूटी हुई है। इस क्रम में बिष्ट और हरीश रावत का मिलन कई चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शिष्टाचार मुलाकात करने के लिए घर पर आए थे। वह एक घंटे तक घर पर रहे। इस दौरान सामान्य चर्चा हुई। अभी कांग्रेस में शामिल होने का कोई विचार नहीं है। उल्लेखनीय है कि हरीश बिष्ट डीएसपी कैंपस नैनीताल के छात्र संघ उपाध्यक्ष और फिर अध्यक्ष रहे। वह लंबे समय तक नैनीताल जिला भेषज संघ के अध्यक्ष भी रहे।






