*सत्ता में आते ही उक्रांद परम्परागत कृषि कार्य करने वाली महिलाओं को देगा मानदेय: ऐरी*

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर । उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने कहा है कि राष्ट्रीय दल तमाम झूठी घोषणाएं कर उत्तराखंड की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उक्रांद सत्ता में आने पर राज्य की महिला शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खेती-किसानी में लगी महिलाओं को हर रोज 200 से 400 रुपए तक मानदेय देगा।
आगामी 2022 के चुनाव के लिए अन्य दलों के अनुसार घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। यहाँ काशीपुर में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने पत्रकार वार्ता में बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि वह परंपरागत कृषि कार्य करने वालों को प्रतिदिन 200 से चार सौ रुपये का मानदेय देंगे यही नहीं राज्य की गृहणियों के लिए भी एक निश्चित मानदेय दिया जायेगा।
पार्टी के केंद्रीय महामंत्री मनोज डोबरियाल के रामनगर रोड स्थित होटल के सभागार में काशी सिंह ऐरी पत्रकारों से रूबरू थे। काशी सिंह ऐरी ने कहा कि वह किसी भी राष्ट्रीय दल से कोई गठबंधन नहीं करेंगे अलबत्ता उत्तराखंड के सरोकारों के लिए प्रतिबद्ध क्षेत्रीय दलों से वह गठबंधन करेंगे। ताकि भाजपा कांग्रेस के विरूद्ध मतों का विभाजन रोका जा सके। राज्य की राजधानी का मसला अभी तक लंबित होने को लेकर काशी सिंह ऐरी ने भाजपा कांग्रेस दोनों दलों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब राज्य का गठन हुआ तब भारत सरकार ने एक शासनादेश जारी किया जिसमें कहा गया कि राज्य की कामचलाऊ राजधानी देहरादून होगी। स्थाई राजधानी का फैसला उत्तराखंड की निर्वचित विधानसभा द्वारा किया जायेगा लेकिन तब से चार बार विधानसभा का गठन हो चुका है लेकिन राजधानी का मसला अब तक अनसुलझा है। उत्तराखंड क्रांति दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए संघर्ष करता रहेगा।

Ad
Ad