*भाजपा राज्यसभा चुनाव की तैयारी में जुटी: असम, हिमाचल, नागालैंड, त्रिपुरा से घोषित किए प्रत्याशी*

ख़बर शेयर करें -

दिल्ली। इस साल होने वाले राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए भाजपा ने चार राज्यों में अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि असम से पबित्रा मार्गरीटा, हिमाचल प्रदेश से डॉ. सिकंदर कुमार, नगालैंड से एस फैंगनोन कोन्यक और त्रिपुरा से डॉ. माणिक साहा को चयनित किया गया है।
इसके साथ ही पार्टी ने पश्चिम बंगाल में लोकसभा व विधानसभा उपचुनाव के लिए और बिहार व महाराष्ट्र में विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी भी घोषित किए हैं। बंगाल के आसनसोल लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव के लिए भाजपा ने अग्निमित्र पॉल को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बल्लीहुंगे विधानसभा से केया घोष को प्रत्याशी बनाया है।
बिहार की बोचहां (अनुसूचित जाति आरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने बेबी कुमारी को और महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से सत्यजीत शिवाजीराव कदम को प्रत्याशी बनाया है। बोचहां विधानसभा सीट वीआईपी (विकासशील इंसान पार्टी) विधायक मुसाफिर पासवान का निधन होने से नवंबर में खाली हो गई थी।

Ad
Ad