*उत्तराखंड में सरकार का गठन: अमित शाह के घर बैठक खत्म, अब निशंक के घ, पहुंचे भाजपा नेता*

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के बावजूद भाजपा विधायक दल के नेता को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए विधायक दल की बैठक सोमवार को देहरादून में होगी। वहीं इससे पहले सोमवार सुबह 10 बजे राजभवन में राज्यपाल लेज गुरमीत सिंह (सेनि) प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत को शपथ दिलाएंगे। जिसके बाद प्रोटेम स्‍पीकर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में हिस्सा लेने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने यह जानकारी दी है। इसी क्रम में भाजपा विधायक दल का नेता चुनने के लिए दिल्‍ली में आज गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर भाजपा की अहम बैठक हुई। बैठक के बाद सभी नेता रमेश पोखरियाल निशंक के घर पहुंचे। अब यहां बैठक चल रही है।
केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार रात को दिल्ली पहुंचे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक भी दिल्ली गए हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व सतपाल महाराज पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं। इसके साथ ही सांसद रमेश पोखरियाल निशंक और अजय भट्ट भी बैठक में शामिल रहे।
इन सभी नेताओं ने रविवार को केंद्रीय नेताओं के साथ होने वाली बैठक में हिस्‍सा लिया। यह बैठक गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई।
वहीं पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षकों का पहले आज देहरादून पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन यह टल गया है। समझा जा रहा है कि अब पर्यवेक्षक रविवार शाम या सोमवार सुबह को पहुंचेंगे।
वहीं दिल्‍ली में मीडिया से बात करते हुए पुष्‍कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड की जनता ने एक मिथक तोड़ा है और लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। सरकार गठन की प्रक्रिया चल रही है। केंद्रीय नेतृत्व मुख्यमंत्री के चेहरा तय करेगा।

Ad
Ad