बाल सुधार गृह से सात बच्चे फिल्मी स्टाइल में फरार, अफसर पहुंचे मौके पर

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। हल्द्वानी के राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में बने किशोर सम्प्रेषण गृह से बीती रात्रि सात बच्चे फिल्मी स्टाइल में चादरों की रस्सी बनाकर फरार हो गए। उन्होंने रात में बैरक की खिड़की के ग्रिल टेड़ी की और जाली फाड़ी और चादरों की रस्सी बनाकर खिड़की से जमीन तक लटकाकर इसी रस्सी के सहारे सातों नीचे उतरे और परिसर की दीवार पर सीढ़ी लगाकर बाहर चले गए। सभी कुछ दिन पहले ही चोरी के मामलों में यहाँ भेजे गए थे। सुबह बच्चों के फरार होने का पता लगने से हड़कंप मच गया। पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और घटना की जानकारी ले रहे हैं। बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में किशोर संप्रेषण ग्रह में इस समय 13 बच्चे रखे गए थे। संगीन आपराधिक वारदातों में निरुद्ध छह बच्चों को प्रथम तल में और चोरी के मामलों में निरुद्ध सात बच्चों को द्वितीय तल में रखा गया था। सुबह करीब पांच बजे चौकीदार महेंद्र पाल ने चादर की रस्सी लटकी देखी तो हड़कंप मचा। स्टाफ ने इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को दी। इस पर एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी, एसपी, सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सभी बच्चों के बारे में जानकारी जुटाकर टीमें तलाश के लिए लगा दी गईं हैं। परिवार वालों और दोस्तों से संपर्क किया जा रहा है। सभी बच्चे नशे के भी लती बताए जा रहे हैं।

Ad
Ad