केदारनाथ हेलीकॉप्टर क्रैश: पायलट अनिल सिंह का पत्नी को अंतिम संदेश-“बेटी का ख्याल रखना, उसकी तबीयत ठीक नहीं है”

ख़बर शेयर करें -

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने की वजह से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में हेलीकॉप्टर के पायलट अनिल सिंह की भी मौत हो गई। पायलट अनिल ने हादसे से एक दिन पहले अपनी पत्नी से बात की थी। उन्होंने कॉल पर कहा था कि ‘मेरी बेटी का ख्याल रखना। उसकी तबीयत ठीक नहीं है।’ पायलट अनिल सिंह का परिवार मुंबई के अंधेरी में रहता है। उनके परिवार में पत्नी शिरीन आनंदिता और बेटी फिरोजा सिंह है।
पायलट की पत्नी आनंदिता ने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ अपने पति के अंतिम संस्कार के लिए नई दिल्ली जाएंगी। पेशे से फिल्म लेखिका आनंदिता ने फोन पर पीटीआई से कहा, ‘आखिरी बार उनका फोन कल (सोमवार) आया था। मेरी बेटी स्वस्थ नहीं है। उन्होंने मुझे उसकी देखभाल करने के लिए कहा था।’
मूल रूप से पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के निवासी अनिल सिंह पिछले 15 साल से मुंबई में रह रहे थे। इससे पहले उत्तराखंड पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि हादसे में मारे गए पायलट सिंह मुंबई से थे। बहरहाल, आनंदिता ने कहा कि उन्हें ‘किसी से कोई शिकायत नहीं है क्योंकि आखिरकार दुर्घटना, दुर्घटना है।’ उन्होंने कहा कि हालांकि, पर्वतीय राज्य में हमेशा खराब मौसम का सामना करना पड़ता है।

Ad
Ad