देहरादून। रुड़की में हुए हादसे में घायल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून के मैक्स अस्पताल पहुंचे।
यहां उन्होंने डॉक्टरों से बात की और उनका हेल्थ अपडेट लिया। वहीं मुख्यमंत्री ने ऋषभ पंत की मां सरोज पंत से भी मुलाकात की।
प्रदेश सरकार लगातार भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री डा धन सिंह रावत लगातार उनके स्वास्थ्य का भी अपडेट ले रहे हैं। क्रिकेटर ऋषभ पंत के कार दुर्घटना के चलते अस्पताल में दाखिल होने के बाद से ही प्रदेश सरकार पूरे प्रकरण पर नजर रखे हुए है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत की मां सरोज पंत से फोन पर वार्ता की थी, साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि प्रदेश सरकार उनका इलाज कराएगी। वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सरकार के प्रतिनिधि के रूप में मैक्स अस्पताल पहुंचे थे। वहां, उन्होंने मैक्स अस्पताल प्रबंधन व चिकित्सकों के साथ ही स्वजन से भी बातचीत की थी।






