देहरादून। मौसम विभाग ने सोमवार को पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने पूरे राज्य में 50 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने रविवार को बताया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही उत्तराखंड में इस समय प्री-मानसून की बारिश हो रही है। प्रदेश में यह छह जून तक जारी रह सकती है। दस जून के बाद प्रदेश में मानसून दस्तक दे सकता है। डॉ.सिंह ने बताया कि प्री-मानसून के दौरान तेज आंधी चलना सामान्य है। प्री मानसून में धूल भरी आंधी व तेज हवाएं चालीस से साठ किलोमीटर प्रति घंटा तक की गति से चलती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में जून के पहले दिन धूप खिलने से हल्की गर्म हवाएं चलीं व तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। दून में अब तक तापमान जहां 34 डिग्री तक चल रहा था, वह एक जून को सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 37.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।






