उत्तराखंड के लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी का नाम पद्म पुरस्कार के लिए भेजेगी उत्तराखंड सरकार

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी के 73 वें जन्म दिवस पर उनका नाम पद्म पुरस्कार के लिए भेजने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल्द ही राज्य सरकार द्वारा इस संबंध में संस्तुति केंद्र को भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी समेत प्रदेश के लोक संस्कृति के रचनाकारों, लोकगायकों के जीवन परिचय व रचनाओं का अभिलेखीकरण कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के जीवन दर्शन एवं व्यक्तित्व पर आधारित पुस्तक ‘सृजन से साक्षात्कार’ का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह नेगी ने समृद्ध लोक संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों को अपने गीतों एवं संगीत के माध्यम से देश व दुनिया तक पहुंचाने का काम किया है। वह वास्तव में समाज के सफल नायक के रूप में रहे हैं। उनके गीत राज्यवासियों को अपनी परंपराओं से जोडऩे में मददगार रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह अपनी विशिष्ट रचनाधर्मिता से समाज को और बेहतर दिशा देने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, मोहन उप्रेती, गिरीश तिवारी गिर्दा, हीरा सिंह राणा, शमशेर सिंह, जीत सिंह नेगी व चंद्र सिंह राही समेत अन्य प्रमुख रचानाकारों के जीवन परिचय व रचनाओं को अभिलेखीकरण कर पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया जाएगा।

Ad
Ad