*अप्रैल के पहले पखवाङे में गर्मी ने तोङा 72 साल का रिकार्ड, दो और चलेगी भीषण लू*

ख़बर शेयर करें -

दिल्ली, एजेंसी। भीषण गर्मी और लू के कारण तापमान बढ़ता जा रहा है। अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही गर्म हवा के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि शनिवार को दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है। ऐसे में अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही गर्मी का 72 साल का रिकार्ड टूट गया। बता दें कि अप्रैल में सर्वाधिक अधिकतम तापमान वर्ष 1941 में दर्ज किया गया था। उस वर्ष 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू तथा बाकी हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति के साथ कई हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। हिमाचल प्रदेश, झारखंड, बिहार और गुजरात के उत्तरी भाग और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी दिल्ली लू की चपेट में रहेगी। मौसम विभाग ने रविवार के लिए आरेंज अलर्ट भी जारी किया है, यानी भीषण लू चलेगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार के बाद तीन दिन आकाश में बादल छाए रहेंगे। इससे लू से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन बारिश होने की उम्मीद नहीं है। 15 अप्रैल से दोबारा आकाश साफ होगा और गर्मी बढ़ेगी।
72 साल में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी
मौसम विभाग के विशेषज्ञ आरके जेनामणि ने कहा कि वर्ष 1951 से 2022 के बीच अप्रैल के पहले पखवाड़े में पहली बार औसत अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। इसलिए 72 साल में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। इससे पहले वर्ष 2010 में अप्रैल के पहले पखवाड़े और इस बार आठ अप्रैल को गर्मी अधिक थी। बता दें कि आठ अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस था, जो वर्ष 2010 के बाद सबसे अधिक था। शनिवार की गर्मी ने इस रिकार्ड को भी तोड़ दिया। वर्ष 1951 के पहले के तापमान का डाटा मौसम विभाग के पास मौजूद नहीं है।

Ad
Ad