हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड की पांच नवंबर को बद्रीनाथ धाम में प्रस्तावित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम अध्यक्षता संरक्षक बाबूलाल गुप्ता करेंगे। वहीं, कार्यक्रम में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष किशोर खारावाला, राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री मुकुंद मिश्रा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुनील पांडेय, चेयरमैन अनिल गोयल के साथ-साथ प्रदेश व्यापार मंडल के सभी जिलों के जिलाध्यक्ष / जिला महामंत्री एवं प्रदेश संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी भी रहेंगे। पहली बार महिला जिला संगठनों के अध्यक्ष/महामंत्रियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने बताया कि संगठन की बैठक में जुझारू और कर्मठ पदाधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान को व्यापार रत्न, व्यापार भूषण, व्यापार शिरोमणि, विशिष्ट सेवा सम्मान, विशिष्ट सहयोगी सम्मान, उत्कृष्ट जिला सम्मान, उत्कृष्ट नगर सम्मान की श्रेणी में रखा गया है। बताया कि इस कार्यकाल में संगठन ने चार वरिष्ठ मार्गदर्शकों को खो दिया है। उन्हें भी मरणोपरांत अलंकृत किया जाएगा। स्व. यशपाल अग्रवाल (संस्थापक/ चेयरमैन), स्व. उमेश अग्रवाल (पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष), स्व. अरविंद मंगल ( पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष), स्व. नेम चंद चंदोक (पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष) के परिजनों को बद्रीनाथ धाम आमंत्रित किया जाएगा। संयोजक मंडल में सुरेश बिष्ट (गढ़वाल प्रभारी), माधव प्रसाद सेमवाल (जिला प्रभारी), महेंद्र प्रकाश सेमवाल (जिलाध्यक्ष चमोली), कुलदीप सिंह वर्मा (जिला महामंत्री चमोली), विनोद नवानी (नगर अध्यक्ष बद्रीनाथ धाम ), प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा को शामिल किया गया है। नवीन वर्मा ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी की इस बैठक के बाद नई कार्यकारिणी के चुनाव की घोषणा भी हो सकती है।