हरिद्वार। रुड़की के बालेकी यूसुफपुर में गन्ने की छिलाई करने गए किसान के सिर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस हत्या के आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। बाकी यूसुफपुर निवासी विवेक कुमार (22) पुत्र अरविंद अपने खेत में गन्ना छिलने के लिए गया था। इसी दौरान हत्यारों ने उसके सिर में गोली मार दी।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद पास के खेत में गन्ने की छिलाई के लिए पहुंचे लोगों ने विवेक को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। घटना की जानकारी आसपास के गांवों में पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग खेत पर पहुंच गए। हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटना के बारे में आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि युवक के सिर में नजदीक से गोली लगी है। शुरुआती तौर पर मामला रंजिश में हत्या का नजर आ रहा है। इस बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है। हत्यारों का पता लगाया जा रहा है। घटना का खुलासा किए जाने के लिए अलग से टीम लगाई गई है। कहा कि मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।






