
देहरादून। उत्तराखंड में आज सोमवार से एक बार फिर मौसम बदलने का अनुमान है। साथ ही होली पर प्रदेशभर में बारिश की संभावना है। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
दून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.बिक्रम सिंह ने बताया, प्रदेश में 10 मार्च से मौसम बदलेगा। 12 मार्च तक पांच जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश की संभावना है। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे 13 और 14 मार्च को राज्य के 11 जिलों में बारिश की संभावना बनेगी। बारिश के चलते तापमान घटेगा, जिससे ठंड में इजाफा होगा। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 10 से 13 मार्च तक 3500 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। जबकि 14 और 15 मार्च को 3200 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पड़ने की संभावना है। दूसरी ओर रविवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ रहा। कहीं-कहीं हल्के बादल जरूर छाए रहे। दून का अधिकतम तापमान 28.1 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।






