गोदियाल ने कहा-सरकार की सारी घोषणाएं हवाई, परिवर्तन यात्रा में उजागर होगी असलियत

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सरकार की घोषणाओं पर एक बार फिर से सवाल उठाए हैं। तीन सितंबर से प्रस्तावित परिवर्तन यात्रा के रूट और व्यवस्थाओं को लेकर जसपुर विधायक आदेश चौहान और प्रदेश उपाध्यक्ष-संगठन पृथ्वीपाल सिंह चौहान के साथ विस्तार से रणनीति पर चर्चा की।
ऊधमसिंह नगरऔर नैनीताल के पदाधिकारियों के साथ फोन पर भी बात की। गोदियाल ने कहा कि तीन सितबर को खटीमा में राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धाजंलि देने के साथ यात्रा को आरंभ किया जाएगा। तीन से छह सितंबर तक खटीमा, नानकमत्ता, सितारगंज, किच्छा, लालकुआं, हल्द्वानी, कालाढुंगी, रामनगर, जसपुर, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर में विभिन्न स्थानों पर जनसभाएं भी की जाएंगी।
गोदियाल ने सरकार की घोषणाओं पर भी सवाल उठाए। कहा कि एक पुरानी कहावत है, घर में नहीं हैं दाने और अम्मा चली भुनाने। राज्य की वित्तीय स्थिति किसी से छिपी नहीं है। कर्मचारियों का वेतन देने के लिए भी सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है। साढ़े चार साल तक सत्ता में रहते हुए भाजपा ने राज्य का राजस्व बढ़ाने की कभी परवाह नहीं की। यदि राजस्व पर ध्यान दिया जाता तो ये घोषणाएं चुनाव के वक्त न करनी पड़ती। अब जनता सब समझ रही है। घोषणाओं की हकीकत क्या है जनता को सब पता है। कोई सरकार के झांसे में नहीं आने वाला। आधारहीन घोषणाओं का हवाई गुब्बारा जल्द ही फूट जाएगा।
विधानसभा सत्र के दौरान  कांग्रेस की टीम के प्रदर्शन की पूर्व सीएम और गोदियाल ने खुलकर तारीफ की। रावत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस के सभी विधायकों ने सदन में जनहित के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया। कांग्रेस ने सदन से सड़क तक सरकार की बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार के साथ ही राज्य आंदोलनकारियों, शिक्षक, कर्मचारी, अस्थायी कर्मचारियों के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
यूथ कांग्रेस ने भी बेरोजगारी के सवाल पर विस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। बकौल रावत, अब राज्य में परिवर्तन की लहर चल रही है, कांग्रेस इस परिवर्तन के संदेश को लेकर जनता तक जायेगी। गोदियाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के अनुभवी नेतृत्व में पूरी टीम ने सरकार को नाकों चने चबवा दिए। हर मुद्दे पर सरकार को बेनकाब किया।

Ad
Ad