अब गोदियाल ने साधा रेखा आर्य पर निशाना, कहा- पति के खिलाफ कोर्ट से वारंट आते ही इस्तीफा देने के बजाए जबानी जंग ठीक नहीं

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को अपने पद की गरिमा के अनुरूप बात करने की हिदायत दी है। गोदियाल ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से वार्ता के दौरान कहा कि मंत्री रेखा आर्य के पति के खिलाफ जिन गंभीर धाराओं में उत्तर प्रदेश पुलिस ने गैर जमानती वारंट जारी किया है उसके मद्देनजर नैतिकता के आधार पर रेखा आर्य को तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, लेकिन इसे दुर्भाग्य ही कहना चाहिए कि रेखा आर्य लगातार पूर्व मुख्यमंत्री एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव हरीश रावत के साथ जुबानी जंग लड़ने का काम कर रही हैं।
गोदियाल ने कहा कि जिस तरह की शब्दावली का प्रयोग मंत्री के द्वारा की जा रही है वह निंदनीय है। गोदियाल ने यह भी कहा कि सूबे के भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक जिस तरह से गिरधारी लाल उर्फ पप्पू साहू पर लगे आरोपों को 25 साल पुराना बताकर आरोपी को संरक्षण देने का और बचाने का काम कर रहे हैं, उससे भाजपा की चाल चरित्र चेहरा उजागर हो गया है। गोदियाल ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि भाजपा गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों को बचाने का काम कर रही हो। इससे पहले भी भाजपा ने अपने उन तमाम नेताओं को संरक्षण देने का काम किया जो प्रदेश में महिलाओं के यौन उत्पीड़न में संलिप्त पाए गए हैं। गोदियाल ने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष स्वयं को कानून से ऊपर समझते हैं क्या? गोदियाल ने कहा कि जिस तरह से मंत्री और सम्पूर्ण भाजपा लगातार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को घेरने का प्रयास कर रही है उसे यही परिलक्षित होता है कि भाजपा को हरीश रावत का कितना खौफ है। गोदियाल ने मंत्री से अपेक्षा की है कि कोई भी बात करने से पहले पद की गरिमा का ख्याल रखना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने संपूर्ण भाजपा संगठन से तत्काल प्रभाव से मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।

Ad
Ad