देहरादून। इस सप्ताह उत्तराखंड का मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। मैदान में धूप खिली रह सकती है जबकि चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के आसार बन रहे हैं। जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है।
बीते शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 30.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, इस सप्ताह मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। दोपहर के समय तापमान चढ़ेगा, वहीं सुबह व शाम के तापमान में कमी आ सकती है। पहाड़ के पांच जनपदों में वर्षा होने और बर्फबारी की संभावना है।






