हल्द्वानी। नशीले पदार्थो की तस्करी में गिरफ्तार आरोपी का स्वास्थ्य अचानक खराब हो गया। जेल कर्मियों उसे बेस अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसे सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर कर दिया। उपचार में दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई है। जेल प्रशासन ने शव को मोर्चरी भिजवा कर मामले की सूचना उसके परिजनों को दे दी है।
पुलिस ने ऊधम सिंह नगर के काशीपुर निवासी अल्ली खान को कुछ दिन पहले नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया था। 26 मई को अल्ली को न्यायालय के आदेश पर हल्द्वानी के उपकारागार में लाया गया। एक दिन जेल में रहने के बाद 27 मई की सांय को अल्ली खान की तबियत अचानक बिगड़ गई। जेल प्रशासन द्वारा आनन-फानन में उसे हल्द्वानी के बेस अस्पताल में भर्ती किया गया। चिकित्सकों द्वारा हालत बिगड़ने पर उसे डॉक्टर सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर कर दिया। जहां पर उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। जेल प्रशासन द्वारा शव को मोर्चरी में सुरक्षित रख परिजनों को सूचना दे दी है। जिनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।