
देहरादून। हल्द्वानी नगर निगम के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना दावा पेश किया है। संगठन चुनाव के लिए बनाए गए चुनाव अधिकारी के समक्ष भी उन्होंने आवेदन भी किया है।
उत्तराखंड में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव इसी महीने होना है। अंदरखाने पार्टी के कई नेता इस पद के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। इस बीच, इस पद पर गजराज सिंह बिष्ट ने बाकायदा आवेदन कर दिया है। बिष्ट इससे पहले पार्टी के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं और उनके आवेदन से अध्यक्ष पद की दौड़ दिलचस्प हो सकती है। संगठनात्मक चुनाव के लिए पार्टी की ओर से चुनाव अधिकारी बनाए विधायक खजानदास ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए गजराज सिंह बिष्ट का आवेदन मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर से प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए तिथि का ऐलान होली के बाद किया जाएगा। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी और प्रदेश में पार्टी को नया अध्यक्ष मिल जाएगा।





