मकान किराए में लेने के नाम पर साइबर ठग ने खाते से उड़ा लिए सवा लाख रुपए

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। स्वयं को भारतीय सेना का जवान बताने वाले एक व्यक्ति ने पिथौरागढ़ के टकाना कालोनी निवासी एक व्यक्ति को किराये का मकान लेने का लालच देकर सवा लाख रूपये का चूना लगा दिया। लुटा पिटा मकान मालिक बैंक में सूचना देने के बाद अब पुलिस की शरण में पहुंचा है। देररात पुलिस ने उसकी तहरीर पर अरविंद कुमार यादव नामक एक शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। दिक्कत यह है कि पुलिस को यह भी पता नहीं है कि ठग का नाम सही भी है या नहीं। ऐसा ही उसके पते के बारे में भी कहा जा सकता है।
कोतवाली पिथौरागढ़ में पहुंच कर कल देर रात टकाना कालोनी निवासी आनंद बल्लभ कांडपाल ने तहरीर दी कि 27 अगस्त को शाम साढ़े पांच बजे उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने बताया कि उसका नाम अरविंद कुमार यादव है और वह भारतीय सेना में कार्यरत है। अरविंद ने उसे बताया कि उसे पिथौरागढ़ में एक किराये के मकान की आवश्यकता है।
कांडपाल ने उसे बताया कि उनका एक मकान किराये के लिए खाली है। इस पर कथित अरविंद नामक शख्स ने उन्हें बताया कि वे अपना बैंक खाता संख्या आदि दें ताकि वह उनके नंबरपर मकान का किराया एडवांस में भेज सके। इस पर आनंद कांडपाल उसके झांसे में आ गए।
उन्होंने अरविंद को अपनी बैंक डिटेल भेज दी। आरोप है कि ठग ने इसी डिटेल के आधार पर उसके बैंक खाते से तीन बार में एक लाख 24 हजार 9सौ 93 रूपये निकाल लिए।
कांडपाल ने बताया कि ठगी का आभास होते ही उन्होंने एक्सिस बैंक की शाखा को इसकी जानकारी दे दी थी। अब वे अपने पैसे वापस पाने के लिए पुलिस की शरण में पहुंचे हैं। पुलिस ने देर रात उनकी तहरीर के आधार पर अरविंद कुमार यादव नामक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को यह भी पता नहीं है कि उसका असली नाम व पता क्या है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad